उत्तरप्रदेश

24 घंटे मे मनोज कुमार हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार


सिद्धार्थनगर जनपद के थाना खेसरहा क्षेत्र अंतर्गत बनुहिया बुजुर्ग गांव में हुए युवक मनोज कुमार हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। खेसरहा पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या में शामिल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अनिल यादव, चैतू यादव, सुजीत यादव और कलावती के रूप में हुई है। सभी आरोपी बनुहिया बुजुर्ग गांव के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि करीब 20 दिन पहले हुए आपसी विवाद की रंजिश में उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सफल अनावरण किया। पुलिस के अनुसार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही कर उन्हें माननीय न्यायालय में पेश कर दिया गया!